बाराबंकी में रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में हुआ हादसा
लुधियाना व हरियाणा के पलवल से सवारियां भरकर बिहार जा रही थी बस
पांच घंटे तक चलता रहा राहत व बचाव कार्य
अभी तक 13 मृतकों की हुई पहचान, सभी बिहार के निवासी
हादसे के बाद घंटो जाम रहा हाईवे, एडीजी ने जाना घायलों का हाल
पीड़ितों की मदद के लिए पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में लुधियाना पंजाब व हरियाणा के पलवल से यात्रियों को भरकर बिहार जा रही एक डबल डेकर निजी बस में ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब पांच घंटे तक रेक्स्यू आपरेशन चलाया। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से ज्यादातर को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे की जानकारी पर एडीजी लखनऊ जोन एसएन सावंत व एसपी यमुना प्रसाद मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
वहीं हादसे पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम मोदी व सीएम योगी ने ट्वीट कर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनो को दो लाख व घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद देने का एलान किया है। हादसे का शिकार सभी लोग बिहार के निवासी है।
पंजाब के लुधियाना व हरियाण के पलवल से सवारियां भरकर बिहार जा रही एक निजी डबल डेकर बस जिले में रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में कल्याणी नदी पुल के पास एक्सल टूटने के चलते खराब हो गई। मंगलवार रात करीब आठ बजे बस खराब होने के बाद चालक ने बस हाईवे किनारे खड़ी कर उसका एक्सल बनवाना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ यात्री जहां बस के अंदर बैठे रहे वहीं तमाम यात्री बस में आगे व पीछे सड़क पर ही लेट गए। इस बीच देर रात हो रही भारी बारिश के बीच एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बस में टक्कर मारते हुए सभी यात्रियों को रौंदते हुए निकल गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला।
यात्रियों की चीख, पुकार सुन पहुंचे पुलिस कर्मियों ने इस बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया व रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया गया। इस बीच करीब 11 यात्री मौके पर ही मृत मिले। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां सात और यात्रियों को मृत घोषित कर दिया गया। जिस समय हादसा हुआ उस समय भारी बारिश होने के चलते बचाव कार्य में भी समस्या आई है। मौके पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को अस्पताल ले जाने के साथ मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस घटना के बाद हाईवे जाम रहा और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त है। मृतकों में सभी लोग बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
