दानिश को पत्रकारिता पढ़ाने वाली प्रो शोहिनी घोष ने बताया कि पढ़ाई के दौरान हमें नहीं पता था कि वो फोटोग्राफी को अपना करियर बनाएगा। लेकिन इतना कह सकती हूं कि वो बेहतरीन फोटोग्राफर था। वो अक्सर पत्रकारिता छात्रों को पढ़ाने आते थे।
फोटो पत्रकार दानिश सिद्दीकी की कंधार में कवरेज के दौरान हत्या कर दी गई। वह अफगान सुरक्षाबलों के साथ वहां के हालात की कवरेज कर रहे थे। दानिश की हत्या की खबर सुनकर जामिया मिल्लिया इस्लामिया के शिक्षक व छात्र भावुक हो गए। दानिश ने 2007 में जामिया मिल्लिया इस्लामिया के एजेके मास कम्यूनिकेशन रिसर्च सेंटर से पत्रकारिता की पढ़ाई की थी। दानिश के पिता प्रो अख्तर सिद्दीकी जामिया में ही प्रोफेसर थे एवं और नेशनल काउंसिल फार टीचर एजुकेशन के पूर्व निदेशक थे।
ड्रोन शाट के बारे में दानिश ने पढ़ाया था
दानिश को पत्रकारिता पढ़ाने वाली प्रो शोहिनी घोष ने बताया कि पढ़ाई के दौरान हमें नहीं पता था कि वो फोटोग्राफी को अपना करियर बनाएगा। लेकिन, इतना कह सकती हूं कि वो बेहतरीन फोटोग्राफर था। वो अक्सर पत्रकारिता छात्रों को पढ़ाने आते थे। कोरोना काल में आनलाइन पढ़ाते थे। आखिरी बार 26 अप्रैल को दानिश ने क्लास ली थी। प्रो सोहेल अकबर की गुजारिश पर छात्रों को ड्रोन शाट के बारे में पढ़ाया था। छात्र बहुत खुश हुए थे।
बैग में रखता हूं पासपोर्ट
आनलाइन कक्षा के बाद छात्रों से मुखातिब होते हुए दानिश ने कहा कि वो बैग में पासपोर्ट व अन्य जरुरी दस्तावेज साथ लेकर चलते हैं। क्या पता कहीं से भागना पड़ जाए। चूंकि दानिश जंग की रिपोर्टिंग करते थे। उन्होने अपने अनुभव भी छात्रों से साझा किए थे। छात्रों को बताया था कि रिपोर्टिंग के दौरान किस तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
घर पर ही शूट किया था प्रोजेक्ट
बकौल प्रो शोहिनी घोष पत्रकारिता अंतिम वर्ष की पढ़ाई के दौरान दानिश ने एक ग्रुप प्रोजेक्ट पर कार्य किया था। शाेहिनी घोष को प्रोजेक्ट का एक दुर्घटना का सीन आज भी याद है। वो कहतीं हैं कि ऐसा लगा कि असल में दुर्घटना हुई हो जबकि दानिश ने वो दृश्य घर पर फिल्माया था। जामिया ने दानिश को 2018 में सम्मानित भी किया था।
हत्या से दो दिन पूर्व पिता से की थी बात
जामिया कुलपति प्रो नजमा अख्तर ने इसे पत्रकारिता और जामिया बिरादरी के लिए एक बड़ी क्षति बताया। इस दुखद घटना की खबर मिलते ही उन्होंने दानिश के पिता प्रो. अख्तर सिद्दीकी से बात की। उन्होंने बताया कि दानिश ने दो दिन पहले उन से बात की थी और अफगानिस्तान में वह जो काम कर रहा था, उसके बारे में चर्चा की थी।
